
महिलाओं को विधिक अधिकार विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर का आयोजन सम्पन्न
रायबरेली 04 मार्च 2023
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली श्री अब्दुल शाहिद के दिशा-निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह के अन्तर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली के द्वारा दिनांक 04 मार्च से 11 मार्च 2023 तक विधिक साक्षरता एवं जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसके अन्तर्गत आज तहसील सदर अन्तर्गत राही ब्लाक सभागार में महिलाओं के विधिक अधिकार विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर जिला जज/सचिव उमाशंकर कहार द्वारा महिलाओं के विधिक अधिकार विषय पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। सचिव द्वारा समान अधिकार कानून पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि समाज में महिलाओं को भी वही अधिकार है जो पुरुषों को है। सचिव द्वारा मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के सम्बन्ध में चर्चा की गयी कहा गया कि मौलिक अधिकार व मौलिक कर्तव्य के बीच एकरूपता बनी रहनी चाहिए। इसके साथ ही आपसी विवाद को सुलह-समझौता से निस्तारण किये जाने पर चर्चा की गयी। पराविधिक स्वयं सेवक द्वारा महिलाओं को सरकार की विभिन्न निःशुल्क योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी एवं उन्हें मानसिक विकास के प्रति सदैव सजग रहने हेतु प्रेरित किया गया महिला थानाध्यक्ष द्वारा महिलाओं को निःशुल्क महिला हेल्पलाइन 181 के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में उपस्थित उपायुक्त उद्योग नेहा सिंह के द्वारा बताया गया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उनका विधिक रूप से जागरूक होना अति आवश्यक है। आज समाज के सभी क्षेत्रों में पुरुषों के बराबर महिलाएं भी योगदान दे रही है। इसके अलावा महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्यार को दर्शाते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को महिलाओं के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों के उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। हर साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस किसी न किसी थीम पर आधारित होता है और इस की थीम है ‘DigitALL: Innovation and technology for gender equality’ यानी ‘एक स्थायी कल के लिए आज लैंगिक समानता जरूरी’। इस बार की थीम में लैंगिक समानता के ऊपर जोर दिया गया है। उक्त कार्यक्रम को डिप्टी जेलर श्रीमती ज्ञान लता पाल, नर्सेस एसोसिएशन की अध्यक्षा श्रीमती शशिबाला सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की रिसोर्स पर्सन श्रीमती शैलजा सिंह व अधिवक्ता अल्का सिंह राजपूत, वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, डी0पी0 पाल के द्वारा भी संबोधित किया गया। इस कार्यक्रम में महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, गैर सरकारी संगठन की सामाजिक कार्यकर्ता, आशाबहुएं, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, पत्रकार बन्धु, अन्य सम्मानित महिलाएं व पराविधिक स्वयं सेवक के द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का संचालन पराविधिक स्वयं सेवक बृजपाल के द्वारा किया गया।