संपादक राजकुमार यादव


“सुपोषित भारत, साक्षर भारत, सशक्त भारत” की थीम के साथ मनाया जा रहा राष्ट्रीय पोषण माह
30 सितंबर तक चलेगा राष्ट्रीय पोषण माह
उन्नाव, 2 सितंबर 2023
जनपद में शुक्रवार (एक सितंबर) से राष्ट्रीय पोषण माह शुरू हो गया है | हर साल की भांति इस साल भी एक से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाएगा |
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश मिश्रा ने बताया कि अभी तक पाँच पोषण माह सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैँ | इस साल पोषण माह की थीम है – “सुपोषित भारत, साक्षर भारत, सशक्त भारत” | इस वर्ष पोषण माह के तहत जीवन की मुख्य अवस्थाओं को केंद्रित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे | यह अवस्थाएं हैं- गर्भावस्था, शैशवावस्था, बाल्यावस्था और किशोरावस्था | इसी के आधार पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी | पोषण माह के दौरान छह माह तक केवल स्तनपान, ऊपरी आहार, “मेरी माटी मेरा देश”, स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा, पोषण भी पढ़ाई भी, “टेस्ट ट्रीट, टॉक एनीमिया” पर गतिविधियां आयोजित होंगी | इसके साथ ही जनजातियों पर फोकस करते हुये पोषण पर संवेदीकरण किया जाएगा | इसके अलावा पोषण स्तर को मिशन लाइफ के माध्यम से सुधार करने का प्रयास किया जाएगा |
श्री मिश्रा ने बताया कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अलावा, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, शहरी विकास विभाग, महिला विकास विभाग सहित अन्य विभागों का भी सहयोग रहेगा |
अभियान के दौरान मोटे अनाज यानि श्री अन्न पर भी फोकस किया जाएगा | स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मोटे अनाज से तैयार व्यंजनों का प्रदर्शन कर लाभार्थियों को दिखाया जाएगा | इसके साथ ही श्री अन्न के सेवन की जागरूकता को लेकर विद्यालयों में क्विज, निबंध, मेलों और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा | सीएचसी- पीएचसी पर गर्भवती और धात्री महिलाओं को आहार संबंधी परामर्श देने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा |
स्वास्थ्य के लिए पारंपरिक एवं क्षेत्रीय पौष्टिक आहार की भूमिका को लेकर वेबिनार का आयोजन किया जाएगा |