रायबरेली 06 अप्रैल, 2023
विशेष सचिव खाद्य एवं रसद एवं जनपद की गौशालाओं की स्थिति के निरीक्षण हेतु शासन द्वारा नामित जिले के नोडल अधिकारी श्री अटल कुमार राय ने कहा कि रायबरेली की गौशालाओं की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। उन्होंने बताया कि अब तक वो जनपद के 16 गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर चुके हैं, इन सभी गौशालाओं में सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुसार पाई गई है। उन्होंने जनपद रायबरेली के गौ आश्रय स्थलों में बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव के नेतृत्व की सराहना भी की।
नोडल अधिकारी श्री अटल कुमार राय आज शाम विकास भवन के गांधी सभागार में जनपद के गौ आश्रय स्थलों की स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा यादव, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 श्रीमती पूजा मिश्रा सहित समस्त उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी ने बैठक की शुरुआत में जनपद के विभिन्न अधिकारियों से यहां के गौ आश्रय स्थलों की स्थिति के बारे में फीड बैंक प्राप्त किया। उन्हें बताया गया कि गौ आश्रय स्थलों में बीमार पशुओं के लिए पृथक स्थान की व्यवस्था की जा रही है। इसी तरह हर ग्राम पंचायत में भूसा स्टोर करने की व्यवस्था एवं की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। नोडल अधिकारी ने कहा कि इन कार्यो की जिम्मेदारी खण्ड विकास अधिकारियों को दी जानी चाहिए। नोडल अधिकारी ने कहा कि गौ आश्रय स्थलों में पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था की क्षमता बढ़ाई जाए साथ ही हरे चारे की व्यवस्था के लिए चारागाहों का विकास किया जाए।
नोडल अधिकारी ने कहा कि गाय मूल रूप से हरा चारा खाने वाला पशु है, हरे चारे की अधिक से अधिक व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने से पूर्व यह सुनिश्ति कर लिया जाए कि किसी भी गौ आश्रय स्थल में जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो, हालांकि यहां की गौशालाओं की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि यहां जलभराव की समस्या नहीं होगी, लेकिन एहतियात के तौर पर यह व्यवस्था अवश्य कर ली जाए ताकि किसी भी गौवंश के बीमार होने की आशंका समाप्त हो जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अतिरिक्त प्रयास कर गौशालाओं में गर्मी में धूप व लू से बचाव के प्रयास भी कर लिए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती पूजा यादव ने बताया कि जनपद में गोवंश संरक्षण का कार्य मानक के अनुसार किया जा रहा है। इस वर्ष जनपद में एक वृहद गौ आश्रय स्थल स्वीकृत हो गया है जिसके निर्माण का कार्य कुछ दिनों में ही शुरू कर दिया जाएगा। गोवंश सुपुर्दगी का कार्य भी निर्देशानुसार कराया जा रहा है।